उपायुक्त ने न्यायालय आदेशों के अनुपालन को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
देवघर, 14 मई (हि.स.)। देवघर उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में माननीय उच्च न्यायालय में लंबित अवमानना वाद से संबंधित मामलों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों के अंतर्गत लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई और न्यायिक आदेशों के अनुपालन की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त किया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित अवमानना वादों का शीघ्र एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही प्रतिशपथ पत्र दाखिल करने में अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में ढिलाई बरती जा रही है, उनके विरुद्ध जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि मामलों की प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने नोडल अधिकारी को दैनिक स्तर पर निगरानी रखने तथा अनुमंडल स्तर पर रवि कुमार और राजीव कुमार द्वारा मामलों की समीक्षा करने का निर्देश दिया, ताकि जिला स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा कर सभी न्यायालय संबंधित मामलों का समय पर निस्तारण किया जा सके। बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, अपर समाहर्ता, जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सभी अंचलों के अंचलाधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने अंत में कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करना है, ताकि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

