होमगार्ड बहाली में डीसी ने दस्तावेज सत्यापन कार्य का लिया जायजा
रामगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला समाहरणालय के ब्लॉक-बी स्थित सभाकक्ष में गोला और रामगढ़ प्रखंड (ग्रामीण) के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन का कार्य किया गया। उपायुक्त ऋतुराज ने सत्यापन केंद्र पहुंचकर पूरी प्रक्रिया का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों से दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया और अब तक हुई प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सावधानीपूर्वक जांच की जाए। सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की गुंजाइश नहीं रहनी चाहिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों और कर्मियों को सत्यापन स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने को कहा।
उन्होंने पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन का लक्ष्य होमगार्ड बहाली की पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना है, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को नियमानुसार अवसर मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

