बच्चों का आधार कार्ड बनाने के कार्य में सुस्ती पर डीसी ने एजेंसी को लगाई फटकार
रामगढ़, 25 जून (हि.स.)। डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान डीसी ने जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में किए गए कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिया गया कि 29 जून तक जिले के सभी पंचायत में जन्म प्रमाण पत्र बनाए जाने को लेकर चलाए जा रहे विशेष शिविर के दौरान जन्म प्रमाण पत्र के साथ-साथ बच्चों का आधार कार्ड भी बनाया जाए। इसके लिए डीसी ने सभी पंचायत सचिवों, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने का निर्देश दिया।
विद्यालय स्तर पर बच्चों का आधार कार्ड बनाने के कार्य में लगी एजेंसी की सुस्ती पर डीसी नाराज हुए और उन्होंने संबंधित एजेंसी को कड़ी फटकार लगाई। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारी को कार्यों की विशेष निगरानी करने की बात कही। उन्होंने प्रतिदिन समाहरणालय आने वाले आम जनों को सुविधा उपलब्ध कराने के तहत परियोजना पदाधिकारी यूआईडी आरती पंकज को 15 दिनों के अंदर समाहरणालय परिसर में स्थाई आधार केंद्र खोलने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

