नगड़ी थाना, अंचल कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
नगड़ी थाना, अंचल कार्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण


रांची, 30 मई (हि.स.)। रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शनिवार को प्रखण्ड सह अंचल कार्यालय नगड़ी, नगड़ी थाना और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगड़ी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की व्यवस्था, साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति एवं आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से समीक्षा किया तथा संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने प्रखण्ड कार्यालय भवन की साफ-सफाई को लेकर निर्देश दिया कि आनेवाले सोमवार को कार्यालय खुलने से एक घंटे पहले सभी कर्मचारी भवन की विशेष सफाई सामूहिक रूप से सुनिश्चित करें। उन्होंने उपस्थिति पंजी सहित अन्य महत्वपूर्ण रजिस्टरों एवं दस्तावेजों का भी निरीक्षण किया।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यालय परिसर में किसी भी प्रकार के बिचौलिया (मध्यस्थ) का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देश दिया कि आदिवासी एवं सरकारी जमीनों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।

नगड़ी थाना का निरीक्षण किया गया उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनका त्वरित निष्पादन किया जाए। किसी भी व्यक्ति को अनावश्यक रूप से थाना न दौड़ाया जाए।

प्रखण्ड कार्यालय में उपायुक्त ने आम नागरिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, ओपीडी कक्ष, वार्ड, दवा स्टोर एवं लेबोरेटरी की स्थिति देखी।

उन्होंने निर्देश देते हुए कहा की स्वास्थ्य केंद्र परिसर को हमेशा स्वच्छ रखे। कूड़ा-कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही चिकित्सा कर्मियों (डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट) की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और उपस्थिति रजिस्टर का सही रखरखाव हो। इसके अलावा आवश्यक दवाओं का स्टॉक हमेशा पर्याप्त रखने। एक्सपायरी दवाओं की जांच नियमित रूप से करने, गंभीर मरीजों को तत्काल उच्च केंद्रों (सदर अस्पताल) में रेफर करने की व्यवस्था रखने, मरीजों से कोई अनुचित शुल्क नहीं लेने सहित अन्य निर्देश उपायुक्त ने दिए।

भजन्त्री ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि आम नागरिकों को सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही का अनुभव हो। उन्होंने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को चेतावनी दी कि जनसेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story