डीस ने सीओ और थाना प्रभारियों को उपलब्ध आपदा प्रबंधन उपकरणों की सूची सौंपने का दिया निर्देश
रामगढ़, 10 जुलाई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज की अध्यक्षता और एसपी मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
शुक्रवार को हुई बैठक में जिले में संभावित प्राकृतिक और मानवजनित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की गई।
साथ ही सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक के दौरान डीसी ने अग्निशमन विभाग को जिले के सभी फायर वाहनों की पहचान कर आवश्यकता के अनुसार रणनीतिक स्थानों पर तैनात करने का निर्देश दिया। साथ ही फायर ऑफिसर को सरकारी और गैर-सरकारी भवनों, होटल, अस्पताल, कारखानों एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। जिन संस्थानों के पास फायर एनओसी उपलब्ध नहीं है, उन्हें शीघ्र फायर एनओसी प्राप्त कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
डीसी ने अग्निशमन विभाग को जिले के सभी थानों में आगजनी और अन्य आपदाओं के दौरान प्राथमिक स्तर पर उपयोग होने वाले आवश्यक उपकरणों की सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। फैक्ट्री निरीक्षक को जिले के सभी लाइसेंसधारी कारखानों में औद्योगिक सुरक्षा (इंडस्ट्रियल हैजर्ड) से संबंधित सभी मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर साझा करने और उद्योगों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को जिले के संवेदनशील नदी, तालाब, जलाशयों सहित अन्य जल स्रोतों का संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। विशेष रूप से पतरातू क्षेत्र में संचालित बोटिंग गतिविधियों को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप संचालित कराने के उद्देश्य से संबंधित संचालकों के साथ बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया। नदी किनारे और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में आपदा से बचाव संबंधी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने सभी थाना प्रभारियों को आपदा की स्थिति में उपयोगी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आवश्यकता अनुसार संसाधनों का पूर्व प्रबंधन करने का निर्देश दिया। वहीं सभी सरकारी एवं निजी प्रतिष्ठानों में तड़ित चालक (लाइटनिंग अरेस्टर) स्थापित कराने पर विशेष जोर दिया गया।
डीसी ने सभी अंचल अधिकारियों (सीओ) और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्ध आपदा प्रबंधन उपकरणों की अद्यतन सूची तैयार कर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही अनुमंडल पदाधिकारी को जिले में प्रशिक्षित चालकों की पहचान कर सूची तैयार करने को कहा गया, ताकि आपदा की स्थिति में उनका प्रभावी उपयोग किया जा सके।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आपदा प्रबंधन से संबंधित आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ रखने एवं सभी सीएचसी में पर्याप्त मात्रा में एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में तड़ित चालक की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जनसंपर्क विभाग को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से बचाव और आपदा के समय अपनाए जाने वाले उपायों से संबंधित जागरूकता सामग्री एवं लेख नियमित रूप से प्रचारित-प्रसारित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों को आपदा प्रभावित व्यक्तियों को आपदा राहत कोष की स्वीकृत सहायता राशि समय पर उपलब्ध कराने तथा फसल, मकान एवं अन्य प्रकार की क्षति का शीघ्र आकलन कर जिला प्रशासन को प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

