नीट परीक्षा को लेकर डीसी-एसपी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
नीट परीक्षा को लेकर डीसी-एसपी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण


नीट परीक्षा को लेकर डीसी-एसपी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण


रामगढ़, 20 जून (हि.स.)। रामगढ़ में 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर शनिवार को डीसी ऋतुराज ने एसपी मुकेश कुमार लुनायत के साथ जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने केंद्रीय विद्यालय रामगढ़ सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।

उन्होंने केंद्राधीक्षकों से परीक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ऋतुराज ने केंद्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता, शुचिता एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीसी ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण राष्ट्रीय परीक्षा में अनुशासन और गोपनीयता सर्वोपरि है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान डीसी एवं एसपी ने परीक्षा केंद्रों के बाहर विधि-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने और परीक्षा अवधि के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story