दानी यादव हत्याकांड का खुलासा, एक गिरफ्तार
रामगढ़, 28 फ़रवरी (हि.स.)। रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में हुए दानी यादव हत्याकांड मामले में नौ माह बाद कुजू पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की। हत्या में संलिप्त एक आराेपित को गिरफ्तार किया है। आराेपित पर हत्या करने एवं साढ़े चार लाख रूपये नगदी चोरी का आरोप है। साथ ही, पुलिस ने एक देशी पिस्टल, चार जिंदा गोली जब्त किया।
यह जानकारी शनिवार को कुजू ओपी परिसर में एसपी अजय कुमार ने प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि गत पांच जनवरी को बालू कारोबारी नयामोड़, कुजू निवासी डब्बू सिंह के आवास में ताबड़तोड़ गोली चालने के मामले में कुजू निवासी नकुल कुमार चौहान उर्फ बिजली गिरफ्तार किया गया था। उसने पूछताछ में उसने बताया था कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित आटा चक्की संचालक बिहार निवासी दानी यादव से पैसे छिनतई के दौरान गोली चलाने के साथ मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दिया गया था। इसके बाद गेहूं खरीदगी के लिए रखा हुआ साढ़े चार लाख रूपये नगदी चोरी कर लिए थे।
इस घटना को अंजाम देने में बिहार निवासी वर्तमान में कुजू में रह रहे अभिषेक पासवान शामिल था। इसके बाद एसपी अजय कुमार ने एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया। साथ ही हत्या में शामिल आराेपितों की गिरफ्तारी को लेकर कुजू ओपी प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर अभिनव कुमार, आशीष गौतम, अरविंद कुमार सिंह, रौशन कुमार की ओर से छापेमारी किया जाने लगा।
इसी बीच शनिवार की अहले सुबह अभिषेक पासवान को उसके ट्रांसपोर्ट नगर कोषमांडू कुजू आवास से गिरफ्तार किया गया। उसने दानी हत्या कांड में शामिल होने एवं चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल सहित चार जिंदा गोली भी बरामद किया गया। आराेपित का आपराधिक इतिहास भी रहा है। हत्या का खुलासा करने के लिए एसपी ने कुजू ओपी प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

