दामोदर महोत्सव-2026 में उमड़ा आस्था, भक्ति और संस्कृति का सैलाब,राज्यपाल ने किया शुभारंभ
लोहरदगा, 25 मई (हि.स.)। लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड अंतर्गत सलगी चुल्हापानी में आयोजित दामोदर महोत्सव-2026 सोमवार को आस्था, संस्कृति और परंपरा का भव्य संगम बन गया। महोत्सव में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने की। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आदिवासी परंपराओं और रीति-रिवाजों के साथ अतिथियों का जोरदार स्वागत किया गया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार सबसे पहले चुल्हापानी स्थित दामोदर नदी के उद्गम स्थल पहुंचे। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और हवन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने भाग लिया। इस दौरान राज्यपाल ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद वे मुख्य मंच पर पहुंचे, जहां दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने चुल्हापानी की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए कहा कि यहां प्रकृति का अद्भुत और मनमोहक स्वरूप देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रकृति की गोद में आकर उन्हें सुखद अनुभूति हो रही है। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
पूरे महोत्सव के दौरान दामोदर उद्गम स्थल भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग में रंगा नजर आया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोग शामिल हुए। आयोजन के दौरान क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक महत्व और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण को लेकर विशेष चर्चा की गई।
महोत्सव में चुल्हापानी की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने की दिशा में भी विचार-विमर्श हुआ। लोक संस्कृति, पारंपरिक नृत्य-संगीत और सामाजिक एकता की अनूठी झलक ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। मौके पर उपस्थित लोगों ने राज्यपाल से क्षेत्र के विकास और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार की मांग भी की।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोपी कृष्ण कुँवर

