सड़क हादसे में मृत लोगों के परिजनों को डालसा देगी विधिक सहायता

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में मृत लोगों के परिजनों को डालसा देगी विधिक सहायता


रामगढ़, 27 जून (हि.स.)। पीडीजे सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मो तौफीकुल हसन के निर्देश पर डालसा सचिव अनिल कुमार अपनी टीम के साथ मृतकों के परिजनों से मिलने शनिवार को मारंगमरचा गांव पहुंचे। माैके पर परिजनों से बात करते हुए डालसा सचिव अनिल कुमार ने कहा कि भीषण सड़क हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने बताया कि डालसा की टीम परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है। डालसा ने शोकाकुल परिवारों को निःशुल्क विधिक सहायता और अन्य कानूनी सेवाएं उपलब्ध कराएगा।

डालसा सचिव ने परिजनों को बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रावधानों के अंतर्गत योग्य होने पर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही सड़क दुर्घटना से संबंधित क्षतिपूर्ति के लिए सक्षम न्यायालय, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के समक्ष दावा प्रस्तुत करने में डालसा की ओर से पूर्ण विधिक सहयोग दिया जाएगा।

इस मौके पर एलएडीए असिस्टेंट मोहन महतो ने परिजनों को मुआवजा दावा दायर करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने संबंधित जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने स्पष्ट किया कि डालसा उनके अधिकारों की रक्षा और न्याय प्राप्ति के लिए हर संभव विधिक सहायता उपलब्ध कराएगी। डालसा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों को निःशुल्क एवं प्रभावी विधिक सेवाएं उपलब्ध कराने तथा दुर्घटना पीड़ितों और उनके आश्रितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए निरंतर कार्यरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story