डालसा ने मजदूर दिवस पर चलाया विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम
रामगढ़, 02 मई (हि.स.)। अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग लिमिटेड प्लांट परिसर में श्रमिकों के हितों एवं अधिकारों से संबंधित एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया। यह कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार मो तौफीकुल हसन के मार्गदर्शन में और डालसा सचिव अनिल कुमार के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों ने श्रमिकों के योगदान को राष्ट्र निर्माण में बेहद महत्वपूर्ण बताया। इसके बाद डालसा सचिव की ओर से बीएफसीएल प्लांट का निरीक्षण और श्रमिकों से बातचीत की। उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं, कार्यस्थल की चुनौतियों और उनके अधिकारों से संबंधित मुद्दों को गंभीरता से सुना एवं उनके समाधान के लिए जरूरी मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को विभिन्न श्रम कानूनों जैसे न्यूनतम मजदूरी अधिनियम, कार्यस्थल पर सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, दुर्घटना मुआवजा, महिला श्रमिकों के अधिकार एवं बाल श्रम निषेध संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही, निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, हेल्पलाइन नंबर 15100 और जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।
डालसा की ओर से लीगल एड डिफेंस काउंसिल के न्याय रक्षक सुजीत कुमार सिंह और अधिकार मित्रों ने सरल भाषा में श्रमिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने श्रमिकों को यह भी बताया कि किसी भी प्रकार के शोषण, वेतन विवाद, दुर्घटना या अन्य कानूनी समस्या की स्थिति में वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार से निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर रामगढ़ जिले के लेबर सुपरिटेंडेंट अनिल रंजन एवं बीएफसीएल प्लांट के मैनेजर अनंत सेठ भी उपस्थित थेेे। उन्होंने भी श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए
प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

