हेसाग और तुपूदाना में डालसा ने चलाया विधिक जागरूकता कार्यक्रम
रांची, 28 मई (हि.स.)।
रांची में 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत गुरूवार को हेसाग और तुपुदाना में डालसा की ओर से विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसके साथ ग्रामीणाें को कई मुद्दों के विभिन्न विधिक योजनाओं की जानकारी देते हुए उनके बीच पंपलेट और लीफलेट का वितरित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन न्यायमूर्ति सह कार्यपालक अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद के निर्देश और न्यायायुक्त अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में हुआ।
इस अवसर पर पीएलवी अमित बड़ाईक ने कहा कि झालसा की मानवता, आत्मनिर्भरता, तृप्ति, निरोगी भव, चेतना और साथी योजनाओं के माध्यम से लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बाल विवाह, बाल श्रम, नशा उन्मूलन, डायन-बिसाही और राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
पीएलवी सूरज मुण्डा और निर्मला कुमारी ने नालसा की 10 प्रमुख योजनाओं, निःशुल्क विधिक सेवा प्राप्त करने की प्रक्रिया, वृद्धा पेंशन, मजदूर निबंधन कार्ड और उससे मिलने वाले लाभों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही 12 सितम्बर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी लोगों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में डालसा के सचिव राकेश रौशन, पीएलवी अमित कुमार बड़ाईक, सूरज मुण्डा, निर्मला कुमारी, सीमा कुमारी सहित बडी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

