दलित आदिवासी मूलवासी उत्थान मंच ने सफाई कर्मियों को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
दलित आदिवासी मूलवासी उत्थान मंच ने सफाई कर्मियों को किया सम्मानित


रांची, 14 अप्रैल (हि.स.)।

दलित आदिवासी मूलवासी उत्थान मंच, झारखंड प्रदेश की ओर से मंगलवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मोरहाबादी में भव्य संगोष्ठी सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसके साथ ही रांची नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और समुदाय के राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मंच के पदाधिकारियों द्वारा समाज की सेवा में जुटे इन सफाई मित्रों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सुरेश बैठा ने बाबा भीमराव अंबेडकर के किए कार्य उपलब्धियों को विस्तार से बताया। उन्होंंने कहा कि बाबा के बताए मार्ग पर चलकर ही हमारा समाज, राष्ट्र और देश का कल्याण संभव है।

मौके पर मंच के अध्यक्ष कुलदीप कुमार रवि ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक वर्ग के नेता नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र के शिल्पकार थे। हमारा मंच उनके न्याय और समानता के संदेश को झारखंड के हर घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्‍होंने युवाओं से बाबा साहेब के शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो के नारे को साकार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के प्रबुद्ध जनों और स्वच्छता प्रहरियों को सम्मानित कर बाबा साहेब के विचारों को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया गया। वक्ताओं ने दलित, आदिवासी और मूलवासियों के उत्थान के लिए शिक्षा और राजनीतिक चेतना पर विशेष जोर दिया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता सच्चिदानंद चौधरी, अरुण साहू, मनोहर सिंह, गोपाल सिंह, कुमार राजा, प्रीति मांझी, राजीव रंजन, गोबिंद झा, ब्रजेश गुप्ता, संतोष प्रसाद, नेहा सिंह, चंदन कुमार, अनंत नाग, निहाल सिंह, निशांत सहित बडी संख्याथ में लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story