महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती पर चतरा में समारोह, शिक्षा-सामाजिक एकता का दिया गया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
महाराजा दक्ष प्रजापति की जयंती पर चतरा में समारोह, शिक्षा-सामाजिक एकता का दिया गया संदेश


चतरा, 26 जुलाई (हि.स.)। महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती के अवसर पर रविवार को चतरा में झारखंड (कुम्हार) प्रजापति समाज की ओर से समारोह का आयोजन किया गया। डीएमएफटी भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और समाज के गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा दक्ष प्रजापति के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने तथा समाज के सर्वांगीण विकास और संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

समारोह को संबोधित करते हुए समाज के प्रदेश अध्यक्ष देवनारायण प्रजापति, प्रदेश महामंत्री ईशरचंद प्रजापति, संरक्षक पंकज प्रजापति और जिला अध्यक्ष गौतम प्रजापति सहित अन्य वक्ताओं ने शिक्षा, संगठन और सामाजिक एकता को समाज की प्रगति का आधार बताया। उन्होंने युवाओं से सामाजिक मूल्यों को अपनाने, शिक्षा के प्रति जागरूक रहने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवाओं की भागीदारी वाली बाइक रैली रही। डीएमएफटी भवन से निकली रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जहां स्थानीय लोगों ने जगह-जगह रैली का स्वागत किया। रैली के माध्यम से सामाजिक सद्भाव, भाईचारा, शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक एकता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समाज के आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला सचिव कमलेश प्रजापति, राजेश प्रजापति, पप्पू प्रजापति सहित समाज के अनेक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story