डेली मार्केट, न्यू मार्केट और खादगढ़ा प्रमुख बाजारों का होगा कायाकल्प
रांची, 08 जुलाई (हि.स.)।
रांची के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों को आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। बुधवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में एनबीसीसी (नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड) ने डेली मार्केट, न्यू मार्केट और खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल परिसर स्थित बाजार के पुनर्विकास का विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत किया। प्रस्ताव के अनुसार मेन रोड स्थित डेली मार्केट, रातू रोड के न्यू मार्केट तथा खादगढ़ा में आरआरडीए और रांची नगर निगम की पुरानी एवं जर्जर दुकानों का पुनर्विकास कर आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि पुराने बाजारों का आधुनिक मानकों के अनुरूप पुनर्विकास समय की आवश्यकता है। सभी प्रस्तावों को संबंधित हितधारकों और तकनीकी पहलुओं की समीक्षा के बाद आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि रांची में टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण शहरी विकास सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि परियोजना में मल्टी लेवल पार्किंग, आधुनिक दुकानों, बेहतर स्वच्छता व्यवस्था, सुगम आवागमन, आकर्षक सार्वजनिक स्थल, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। खादगढ़ा स्थित भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल परिसर में आधुनिक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स और होटल भवन बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, डेली मार्केट की करीब 1.17 एकड़ भूमि पर आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स, मल्टी लेवल पार्किंग और होटल विकसित करने की योजना है, जिससे व्यापारियों को बेहतर व्यावसायिक वातावरण और शहर को पार्किंग व ट्रैफिक समस्या से राहत मिल सके। न्यू मार्केट के त्रिकोणीय भू-भाग पर भी आधुनिक व्यावसायिक परिसर विकसित करने का प्रस्ताव है। बैठक में आरआरडीए, रांची नगर निगम, बीसीडी और एनबीसीसी के अधिकारी पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

