मशीनों से कोयला लोडिंग के विरोध में मजदूरों ने किया प्रदर्शन
गोड्डा, 25 नवंबर (हि.स.)। ईसीएल की राजमहल परियोजना अंतर्गत मोंटे कार्लो की ओर से संचालित हुर्रा-सी ओपन कास्ट परियोजना में डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) के कोयला लोडिंग कार्य में मशीनों के इस्तेमाल को लेकर मजदूरों का आक्रोश सामने आया है। मजदूरों ने पारंपरिक रूप से हाथों से किए जाने वाले कोयला लोडिंग कार्य को मशीनों के माध्यम से कराए जाने का विरोध करते हुए इसे उनकी रोजी-रोटी पर हमला बताया है।
बुधवार को सैकड़ों की संख्या में मजदूर परियोजना के मुख्य गेट पर एकत्रित हुए और मशीनों के माध्यम से कोयला लोडिंग की व्यवस्था बंद कर पूर्व की तरह मजदूरों से काम कराने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे मजदूरों का कहना था कि वे लंबे समय से कोयला लोडिंग का कार्य कर दिहाड़ी मजदूरी प्राप्त करते थे। इसी से उनके परिवार का भरण-पोषण होता था। लेकिन अब कथित तौर पर स्थानीय स्तर पर मिलीभगत कर मजदूरों को काम से वंचित करते हुए मशीनों के जरिए कोयला लोडिंग कराई जा रही है।
मजदूरों ने आरोप लगाया कि काम की तलाश में वे रोजाना खदान पहुंचते हैं, लेकिन वहां घंटों इंतजार करने के बावजूद उन्हें काम नहीं मिलता। इससे उनके सामने परिवार चलाने का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उनका कहना था कि मशीनों के इस्तेमाल से कुछ लोगों को लाभ हो सकता है, लेकिन इसका सीधा नुकसान उन सैकड़ों मजदूरों को उठाना पड़ रहा है, जिनकी आजीविका इसी काम पर निर्भर है।
प्रदर्शन के दौरान मजदूरों ने अपनी मांगों को लेकर परियोजना प्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन पर सैकड़ों मजदूरों के हस्ताक्षर हैं। मजदूरों ने प्रबंधन से इस व्यवस्था पर तत्काल संज्ञान लेने और प्रभावित श्रमिकों को काम उपलब्ध कराने की मांग की।
बाद में इस मामले को लेकर राजमहल एरिया के कार्मिक प्रबंधक के साथ मजदूरों की वार्ता हुई। वार्ता में एपीएम मनोज ई. टुडू, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि सोनेलाल टुडू सहित अन्य मजदूर नेता उपस्थित थे। वार्ता के दौरान मजदूरों को काम उपलब्ध कराने की शर्त पर सहमति बनने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। हालांकि मजदूरों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों के अनुरूप व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और उन्हें नियमित रूप से काम नहीं मिला तो वे आगे भी चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने वालों में मुकेश लोहार, अनिल लोहार, मुकेश मढैया, संजय लोहार, जीतन हांसदा, सिकंदर सोरेन सहित सैकड़ों मजदूर शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रंजीत कुमार

