चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के प्रभाव से झारखंड में तीन और चार नवंबर को बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के प्रभाव से झारखंड में तीन और चार नवंबर को बारिश के आसार


चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के प्रभाव से झारखंड में तीन और चार नवंबर को बारिश के आसार


रांची, 02 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के प्रभाव से तीन और चार नवंबर को झारखंड के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान मुरासु पूर्व में आए तूफान अर्नब की तुलना में कमजोर है। यह फिलहाल 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। तूफान चेन्नई (तमिलनाडु) से लगभग 200 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व, नेल्लोर (आंध्र प्रदेश) से 210 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, मछलीपट्टनम से 270 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, कावली से 220 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व और ओंगोल से 260 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है।

इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और सोमवार मध्यरात्रि से मंगलवार तड़के के बीच नेल्लोर और नरसापुर के बीच दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तट को पार करने की प्रबल संभावना है। इस दौरान हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने तथा झोंकों के साथ 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में सबसे अधिक तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस लातेहार में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान भी लातेहार में 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही घने बादल छाए रहे। इसके कारण दिन में उमस और गर्मी महसूस की गई। हालांकि, बादलों के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.2 और न्यूनतम 23.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 31 और 22.3 डिग्री, बोकारो में 29.5 और 23.1 डिग्री तथा चाईबासा में 31 और 22.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771037 Articles

Share this story