चक्रवात 'मुरासु' का असर: झारखंड के चार दक्षिणी जिलों में बुधवार को बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात 'मुरासु' का असर: झारखंड के चार दक्षिणी जिलों में बुधवार को बारिश के आसार


रांची, 03 नवंबर (हि.स.)। चक्रवाती तूफान 'मुरासु' कमजोर पड़ गया है और उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से बुधवार को झारखंड के दक्षिणी हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के चार जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात 'मुरासु' फिलहाल आठ किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके लगातार आगे बढ़ने के साथ धीरे-धीरे कमजोर होने का अनुमान है। मंगलवार दोपहर तक इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना जताई गई थी। इस दौरान हवा की गति 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है, जबकि झोंकों की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, मंगलवार आधी रात तक यह और कमजोर होकर गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) के क्षेत्र में बदल सकता है। इस दौरान हवा की गति 55 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में राज्य का सर्वाधिक तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, लातेहार में सबसे कम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। हालांकि, दोपहर बाद मौसम में बदलाव आया और आसमान साफ होने लगा। इसके बावजूद आंशिक बादल बने रहे, जिससे लोगों को हल्की गर्मी का एहसास हुआ।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29.4 और न्यूनतम 23.6 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 30.2 और न्यूनतम 21.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 30.1 और न्यूनतम 22.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 28.8 और न्यूनतम 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771628 Articles

Share this story