चक्रवाती तूफान अर्णव ने पालाजोरी में मचाई तबाही

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवाती तूफान अर्णव ने पालाजोरी में मचाई तबाही


देवघर, 25 सितंबर (हि.स.)। अचानक तेज हवा और बारिश के साथ आए चक्रवाती तूफान अर्णव ने पालाजोरी प्रखंड के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई। दुबराजपुर, बरमसिया, पथरघटिया, मोरंगा सहित बसहा, पत्थरघाटिया और महुवाडाबर पंचायत क्षेत्र के दर्जनों गांवों में तूफान का असर देखने को मिला। तेज हवा के कारण कई पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए।

वहीं बरमसिया में ट्रांसफॉर्मर भी उखड़कर जमीन पर गिर गया, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तूफान के दौरान हवा का बवंडर इतना तेज था कि कुछ देर के लिए ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बताया कि ऐसा मंजर उन्होंने फिल्मों में देखा था, लेकिन शुक्रवार को पहली बार अपनी आंखों के सामने देखा। कई स्थानों पर घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

दुबराजपुर पहाड़ी के समीप रामतलुल अंसारी की राशन, सीमेंट-छड़ और हार्डवेयर दुकान में भी लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। इसके अलावा कई गांवों में घरों के छप्पर और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचने की सूचना है। हालांकि, तूफान से हुए कुल नुकसान का विस्तृत आकलन अभी किया जा रहा है।

पालाजोरी प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी पार्थ नंदन ने बताया कि प्रारंभिक आकलन में करीब 50-70 घरों को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिली है। इसके अलावा जान-माल सहित अन्य संपत्तियों को भी क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि क्षति का विस्तृत आकलन कराया जा रहा है। नुकसान का आकलन तैयार कर जिला प्रशासन को भेजा जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

इधर, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने तूफान से हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए पालाजोरी के अधिकारियों सहित संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर क्षति का आकलन करने का निर्देश दिया है। विधायक ने कहा कि प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और हुई क्षति की भरपाई के लिए आवश्यक प्रयास किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के प्रभाव से विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण विभिन्न क्षेत्रों से नुकसान की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी पार्थ नंदन को क्षति का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई करने और प्रभावित लोगों को मदद करने का निर्देश दिया है। साथ ही विद्युत विभाग के अधिकारियों को भी तत्परता के साथ क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है।

फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story