चक्रवात ‘अकवान’ के प्रभाव से झारखंड में 20-21 नवंबर को भारी बारिश के आसार
- बारिश से तीन से चार डिग्री तक गिर सकता है तापमान, बढ़ेगी ठंड- रांची सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज
रांची, 18 नवंबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। इसके असर से 20 और 21 नवंबर को राज्य के मध्यवर्ती, दक्षिणी और उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बारिश के कारण राज्य के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ सकती है। हालांकि, चक्रवात की तीव्रता कम रहने पर संबंधित जिलों में हल्की बारिश भी हो सकती है। विभाग के अनुसार, चक्रवात उत्तर से उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।
राजधानी रांची सहित राज्य के कई जिलों में बुधवार को न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को रांची का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री था, जो बुधवार को घटकर 11.3 डिग्री सेल्सियस रह गया। इसी तरह बोकारो में न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री से गिरकर 12.2 डिग्री और चाईबासा में 16 डिग्री से घटकर 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान चाईबासा में 30.4 डिग्री और सबसे कम तापमान लातेहार में 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बुधवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से आंशिक बादल छाए रहे। दिनभर ठंडी हवाएं चलने से लोगों को ठंड का एहसास हुआ। इस दौरान लोग गर्म कपड़ों में नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को रांची में अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.3 और न्यूनतम 18 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 30 और न्यूनतम 13.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 26.5 और न्यूनतम 12.2 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 30.4 और न्यूनतम 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

