देवघर पुलिस ने फ़र्ज़ी कस्टमर केयर सर्विस बनाकर धोखाधड़ी करने वाले साइबर अपराधी को किया गिरफ़्तार

WhatsApp Channel Join Now
देवघर पुलिस ने फ़र्ज़ी कस्टमर केयर सर्विस बनाकर धोखाधड़ी करने वाले साइबर अपराधी को किया गिरफ़्तार


देवघर, 26 अप्रैल (हि.स.) । देवघर पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सारठ थाना क्षेत्र से एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान अजीत चौधरी (36) के रूप में हुई है, जो लंबे समय से फर्जी कस्टमर केयर नंबर के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहा था।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपित फ्लिपकार्ट, अमेज़न, पेटीएम और एयरटेल पेमेंट्स बैंक जैसी बड़ी कंपनियों के नाम पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर संचालित करता था। वह इन नंबरों को गूगल पर अपलोड कर देता था, जिससे आम लोग उन्हें असली कस्टमर केयर नंबर समझकर संपर्क कर लेते थे।

जैसे ही कोई व्यक्ति सहायता के लिए फोन करता, आरोपित उन्हें कैशबैक, गिफ्ट कार्ड, बैंक कार्ड बंद होने, कार्ड दोबारा चालू कराने या खाते से जुड़ी तकनीकी समस्या जैसे बहानों में उलझा लेता था। बातचीत के दौरान वह चालाकी से लोगों की बैंकिंग जानकारी, ओटीपी या अन्य संवेदनशील विवरण हासिल कर उनके बैंक खातों से पैसे उड़ा लेता था।

पुलिस ने आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल वह साइबर ठगी के लिए करता था। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह केवल एक व्यक्ति का काम नहीं हो सकता और इसके पीछे एक बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय हो सकता है।

पुलिस के अनुसार, अजीत चौधरी पहले भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुका है। इसके बावजूद वह लगातार इस तरह की ऑनलाइन ठगी में सक्रिय था और लोगों को निशाना बना रहा था। फिलहाल पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

देवघर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इंटरनेट पर उपलब्ध किसी भी कस्टमर केयर नंबर पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक, मैसेज या ऑनलाइन सहायता के नाम पर मांगी गई बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें।

पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की आशंका होने पर तुरंत स्थानीय पुलिस या साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और आर्थिक नुकसान से बचा जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story