साइबर ठगी गिरोह के चार आरोपित गिरफ्तार
देवघर, 14 अप्रैल (हि.स.)। जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सौरभ के निर्देश पर पुलिस टीम ने 04 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक राजा कुमार मित्रा के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
गिरफ्तार आरोपितों के पास से 05 मोबाइल फोन और 06 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपित फर्जी कस्टमर केयर और सरकारी अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभुकों को फर्जी लिंक भेजकर ठगी करते थे। इसके अलावा धनी फायनेंस का अधिकारी बनकर लोन दिलाने का झांसा देते थे। वहीं फोन पे और पेेेेेटीएम के फर्जी कस्टमर केयर बनकर कैशबैक का लालच देकर गिफ्ट कार्ड रिडीम कराते थे। साथ ही एयरटेल पेमेंट बैंक के नाम पर भी लोगों को झांसे में लेकर ठगी की जाती थी। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सावन कुमार दास (23), चंदन कुमार दास (29), पिंटू कुमार दास (26) और कुंदन दास (31) के रूप में की गई है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपित लंबे समय से साइबर ठगी में सक्रिय थे। फिलहाल उनसे पूछताछ जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या ऑफर के झांसे में न आएं तथा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

