बिजली पोल से तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
बिजली पोल से तार जोड़ने के दौरान करंट लगने से युवक की मौत


दुमका, 04 सितंबर (हि.स.)। जिला के जामा थाना क्षेत्र के भैरपुर गांव में शुक्रवार को एक हादसे में बिजली का करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रविंद्र राउत (27) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, रविंद्र अपने घर के बाहर पानी के मोटर का तार बिजली पोल से जोड़ रहा था। इसी दौरान वह अचानक बिजली के संपर्क में आ गया और 440 वोल्ट के प्रवाह की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।

परिजन आनन-फानन में उसे दुमका स्थित फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी हालत बेहद बिगड़ गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली उपकरणों के साथ काम करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story