गोलकाटा प्राथमिक विद्यालय में लगा स्वास्थ्य जांच शिविर

WhatsApp Channel Join Now
गोलकाटा प्राथमिक विद्यालय में लगा स्वास्थ्य जांच शिविर


पूर्वी सिंहभूम, 27 नवंबर (हि.स.)।

जनजातीय गौरव दिवस 2026 के अवसर पर सीएसआईआर–राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (एनएमएल) की ओर से शुक्रवार को कुमिर पंचायत के बारुबेड़ा स्थित गोलकाटा प्राथमिक विद्यालय में विज्ञान एवं सामुदायिक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई और स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला गतिविधि आयोजित की गई।

कार्यक्रम के दौरान जनजातीय गौरव दिवस 2026 आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. परिक्षित मुंडा ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया था। उनके विचार आज भी समाज को प्रेरित करते हैं।

कार्यक्रम में एनएमएल के प्रशासन नियंत्रक जय शंकर शरण ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, संवैधानिक अधिकारों, आरक्षण व्यवस्था और शिक्षा से संबंधित अवसरों की जानकारी दी।

इस अवसर पर डॉ. प्रियंका सिंह और अशोक कुमार शॉ ने स्वास्थ्य जांच शिविर का संचालन किया। वहीं वाई. उषा के समन्वय में आयोजित चित्र बनाओ गतिविधि में बच्चों ने ग्रामीण जीवन, स्थानीय त्योहारों और प्राकृतिक परिवेश को कागज पर उकेरकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में सामुदायिक विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कुमिर पंचायत के विशिष्ट सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story