सीआरटी-वी परीक्षा को लेकर बरियातू में निषेधाज्ञा, 200 मीटर दायरे में पाबंदी

WhatsApp Channel Join Now
सीआरटी-वी परीक्षा को लेकर बरियातू में निषेधाज्ञा, 200 मीटर दायरे में पाबंदी


रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली की ओर से आयोजित कम्बाइंड रिक्रूटमेंट टेस्ट (सीआरटी-वी) परीक्षा 2026 को लेकर रांची के बरियातू स्थित राजकीय बालिका प्लस-2 उच्च विद्यालय परीक्षा केंद्र के आसपास निषेधाज्ञा लागू की गई है।

परीक्षा का आयोजन 27 सितंबर 2026 को किया जाएगा।

जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि कदाचारमुक्त परीक्षा संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परीक्षा केंद्र की 200 मीटर की परिधि में यह निषेधाज्ञा लागू रहेगी।

प्रशासन के अनुसार यह निषेधाज्ञा 27 सितंबर 2026 की सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक प्रभावी रहेगी। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की है।

प्रशासन को आशंका है कि असामाजिक तत्व भीड़ जुटाकर परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं।

निषेधाज्ञा के तहत पांच या पांच से अधिक लोगों के एक स्थान पर जमा होने पर रोक रहेगी। हालांकि सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारी-कर्मचारी, सरकारी कार्यक्रम और शवयात्रा को इससे छूट दी गई है। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल, बैठक या आमसभा आयोजित करने और अस्त्र-शस्त्र एवं हरवे-हथियार लेकर चलने पर भी प्रतिबंध रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story