(अपडेट) चोरों ने दो बिल्डरों के घरों को बनाया निशाना, एके-47 से गोली चलने पर बॉडीगार्ड घायल

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) चोरों ने दो बिल्डरों के घरों को बनाया निशाना, एके-47 से गोली चलने पर बॉडीगार्ड घायल


रांची, 09 जुलाई (हि.स.)। रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में चोरों ने दो बड़े बिल्डरों के घरों को निशाना बनाया। एक तरफ एनके कंस्ट्रक्शन के मालिक निशित केसरी के घर में चोरी की कोशिश नाकाम रही, लेकिन इस दौरान बॉडीगार्ड की एके-47 से गोली चलने से वह घायल हो गया। वहीं, दूसरी घटना में बिल्डर अखिलेश पांडे के आवास में नकाबपोश चोरों ने पाइप के सहारे घुसकर लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए और फरार हो गए।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोरों ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि पूरी वारदात घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि केसरी बिल्डर के आवास में बुधवार रात करीब 2 बजे चोरों ने घुसने की कोशिश की थी। इस दौरान घर में मौजूद एक बॉडीगार्ड अपनी एके-47 राइफल लेकर चेक करने के लिए बाहर निकला। इसी दौरान गेट के पास बॉडीगार्ड के राइफल से गोली चल गई, जिससे वह घायल हो गया। सीसीटीवी फुटेज में भी बॉडीगार्ड के एके-47 से ही गोली चलते दिख रही है। घायल बॉडीगार्ड को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

पुलिस के अनुसार बिल्डर अखिलेश पांडे के अशोक नगर स्थित आवास में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। नकाबपोश चोर घर में पाइप के सहारे दाखिल हुए और घर में रखी कीमती ज्वेलरी पर हाथ साफ कर गए। चोरी के बाद आरोपित पाइप के रास्ते से ही फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story