क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पर लगा घोटाला और अभद्र व्यवहार का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पर लगा घोटाला और अभद्र व्यवहार का आरोप


क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव पर लगा घोटाला और अभद्र व्यवहार का आरोप


रामगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। रामगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अरुण कुमार राय के खिलाफ खेल प्रेमियों का गुस्सा फूट पड़ा है। गुरुवार को भाजपा नेता रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू ने खेल प्रेमियों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रामगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव अरुण कुमार राय पर भ्रष्टाचार, घोटाला और महिला खिलाड़ियों के साथ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

भाजपा नेता रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू ने कहा कि पहले वे भी रामगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन के लाइफटाइम मेंबर भी हैं। जब उन्हें सचिव की ओर से किए जा रहे अनैतिक कार्यों की जानकारी मिली, तो वे अब मुखर होकर सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 के अप्रैल महीने में अरुण कुमार राय ने कैटरिंग के काम में ही 70 हजार रुपए का घोटाला किया था। कैटरिंग का काम कर रहे सूरज कुमार ने पूरी कहानी बताई है।

साथ ही अरुण कुमार राय के बेटे रोहित कुमार के अकाउंट में ट्रांसफर किए गए 70 हजार रुपए का डिटेल भी दिया है। रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू ने कहा कि अरुण कुमार राय पर पहले भी कई गंभीर आरोप लगे हैं। उनके खिलाफ तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने अपनी रिपोर्ट भी सौंपी है। उन्होंने ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग भी मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किया जिसमें एक महिला खिलाड़ी को अंत:वस्त्र गिफ्ट करने की बात कही जा रही थी। इसके अलावा कैटरिंग का काम कर रहे सूरज कुमार से गलत बिल बनवा कर 70 हजार रुपए की वसूली की गई। भाजपा नेता ने कहा कि रामगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन की काफी बदनामी हो रही है और इसकी वजह सचिव अरुण कुमार राय हैं। इसका खामियाजा रामगढ़ के खेल प्रेमियों को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि संगठन के अध्यक्ष अशोक जैन से जल्द ही ऐसे सचिव को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि एक हफ्ते के अंदर वे कोई कार्रवाई नहीं करते हैं तो अशोक जैन के घर के बाहर ही रामगढ़ जिले के खेल प्रेमी के साथ धरना देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780636 Articles

Share this story