लेम्बोइया मंदिर में जुटे राज्यभर के 400 क्रिएटर

WhatsApp Channel Join Now
लेम्बोइया मंदिर में जुटे राज्यभर के 400 क्रिएटर


चतरा, 20 सितंबर (हि. स.) । आस्था और डिजिटल दुनिया का अनूठा संगम रविवार को पत्थलगडा के प्रसिद्ध लेम्बोइया पहाड़ी मंदिर परिसर में देखने को मिला। चतरा जिला क्रिएटर संघ की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय क्रिएटर मिटअप में चतरा सहित हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा, लातेहार, रांची सहित विभिन्न जिलों से करीब 400 सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर जुटे।

कार्यक्रम में मुम्बई और राजस्थान से भी लोग पहुंचे। समारोह की शुरुआत लेम्बोइया पहाड़ी स्थित अति प्राचीन मां भगवती मंदिर में पूजा-अर्चना और भव्य महाआरती से हुई। आचार्य सुरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में विश्व कल्याण की कामना को लेकर मां भगवती की आराधना की गई। इसके बाद परिसर में पौधारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिप उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी, भाजपा नेता दिनेश्वर भुईंया, प्रमुख मनीषा कुमारी, जिप सदस्य रामा भगत, मुखिया संगीता सिन्हा, सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह, मंदिर प्रबंधन समिति के युगेश्वर प्रसाद, पूर्व मुखिया बासुदेव तिवारी, केदार राम दांगी व बालेश्वर दांगी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बाहर से पहुंचे क्रिएटरों को चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया। जिप उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने कहा कि कंटेंट क्रिएटर समाज का आईना हैं।

सोशल मीडिया के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने और लोगों का मार्गदर्शन करने की जिम्मेदारी भी क्रिएटरों की है। डिजिटल मंच पर अश्लीलता को बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story