गौ सम्मान दिवस पर निकली जागरूकता रैली, गो सेवा, सुरक्षा और सम्मान की उठी मांग

WhatsApp Channel Join Now
गौ सम्मान दिवस पर निकली जागरूकता रैली, गो सेवा, सुरक्षा और सम्मान की उठी मांग


देवघर, 27 जुलाई (हि.स.)। गौ सम्मान दिवस के अवसर पर सोमवार को गौ सम्मान आह्वान अभियान के बैनर तले झोंसागड़ी गोशाला से गौ बचाव अभियान के तहत एक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में गौ-सेवकों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भजन-कीर्तन के साथ शहरवासियों से गो संरक्षण का आह्वान किया।

रैली झोंसागड़ी गोशाला से शुरू होकर समाहरणालय पहुंची, जहां उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। अभियान को समर्थन दे रहे गायत्री परिवार के सदस्य आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि देश में गौ हत्या पर रोक लगाने और इसके लिए कठोर कानून बनाने की मांग को लेकर यह जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि देवघर जिले से लगभग 6.5 लाख हस्ताक्षर और पूरे देश से 40 करोड़ हस्ताक्षर एकत्र कर राष्ट्रपति को सौंपने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत 27 जुलाई को देशभर के जिला, अनुमंडल, प्रखंड और तहसील मुख्यालयों में ज्ञापन दिए जा रहे हैं, जबकि 27 अक्टूबर को राज्य सचिव के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम प्रार्थना पत्र भेजा जाएगा।

आयोजकों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से केंद्र और राज्य सरकारों से संपूर्ण भारतीय देशी गोवंश को राष्ट्रीय सम्मान दिलाने, उनकी सेवा, सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित करने की मांग करना है। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने गो रक्षा के समर्थन में नारे लगाए और लोगों से इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story