जमीन कब्जा दिलाने के दौरान महिला ने खुद को लगाई आग, बचाने में झुलसे दारोगा

WhatsApp Channel Join Now
जमीन कब्जा दिलाने के दौरान महिला ने खुद को लगाई आग, बचाने में झुलसे दारोगा


चतरा, 02 सितंबर (हि.स.)।

जिला मुख्यालय के केसरी चौक में गौरक्षणी के समीप कोर्ट के आदेश पर दखल-कब्जा कराने पहुंची टीम के सामने बुधवार को हंगामा हो गया। कार्रवाई का विरोध कर रही रीना देवी ने पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली। उसे बचाने के प्रयास में चतरा सदर थाना में कार्यरत एएसआई प्रवीण सिंह भी झुलस गए। घटना में रीना देवी और उनके बेटे धीरज कुमार को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर किया गया, जबकि एएसआई का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। बताया गया कि जमीन विवाद वर्ष 1988 से न्यायालय में चल रहा था। न्यायालय की ओर से विजय अग्रवाल के पक्ष में फैसला दिए जाने के बाद दंडाधिकारी की उपस्थिति में टीम पुलिस बल के साथ दखल-कब्जा कराने पहुंची थी।

इसी दौरान विवाद बढ़ गया और महिला ने आग लगा ली। पुलिस के अनुसार मौके से तीन हॉकी स्टिक भी बरामद की गई है। घटना के बाद पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह और एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। एसडीपीओ ने बताया कि महिला ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसमें पुलिसकर्मी भी झुलसे हैं। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story