नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा, प्राथमिकी दर्ज

WhatsApp Channel Join Now
नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा, प्राथमिकी दर्ज


नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा, प्राथमिकी दर्ज


बोकारो, 09 अप्रैल (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग की टीम ने सियालजोड़ी ओपी थाना क्षेत्र के मूनदनिया बस्ती में छापेमारी कर नकली विदेशी शराब बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया है। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

छापेमारी के दौरान चारदीवारी से घिरे एक एस्बेस्टस निर्मित मकान में संचालित फैक्ट्री से भारी मात्रा में तैयार नकली विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा मौके से खाली बोतलें, विभिन्न ब्रांड के स्टीकर, ढक्कन, कारमेल, स्पिरिट और पंचिंग मशीन सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।

जब्त सामग्री में विभिन्न ब्रांड की कुल 102 पेटी (2376 बोतल) विदेशी शराब शामिल है, जिसकी मात्रा लगभग 918 लीटर बताई गई है। साथ ही 105 लीटर स्पिरिट और बड़ी संख्या में पैकेजिंग सामग्री बरामद की गई। मौके से तीन पंचिंग मशीन भी जब्त की गई हैं, जिनका उपयोग नकली शराब तैयार करने में किया जा रहा था।

इस मामले में हरला थाना क्षेत्र के पचौड़ा बस्ती निवासी इरफान अंसारी की संलिप्तता सामने आई है। उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। बताया गया कि आरोपित के खिलाफ पहले से भी उत्पाद विभाग में मामले दर्ज हैं।

इस अभियान का नेतृत्व विनय कुमार सिंह (प्रशिक्षु निरीक्षक, उत्पाद) ने किया। टीम में सन्नी विवेक तिर्की, अमित कुमार गुप्ता, महेश दास सहित उत्पाद बल के जवान शामिल थे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल कुमार

Share this story