बोकारो कोषागार फर्जी निकासी में एएसआई गिरफ्तार, 1.11 करोड़ की अवैध निकासी का खुलासा

WhatsApp Channel Join Now
बोकारो कोषागार फर्जी निकासी में एएसआई गिरफ्तार, 1.11 करोड़ की अवैध निकासी का खुलासा


रांची,29 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड सरकार के निर्देश पर बोकारो कोषागार से फर्जी तरीके से अवैध राशि निकासी मामले में अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

फर्जी निकासी मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी ) का गठन किया गया था। जांच के क्रम में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई)अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार किया गया है। वह बोकारो एसपी कार्यालय में एकाउंट सेक्शन प्रतिनियुक्त था।

सीआईडी मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व में पकड़े गए मुख्य आरोपित लेखापाल कौशल कुमार पाण्डेय का सहयोगी बताया गया है। जांच में सामने आया है कि अशोक कुमार मंडल के बैंक खाते में अवैध रूप से लगभग 50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। आरोप है कि लेखापाल कौशल कुमार पाण्डेय के साथ मिलकर गलत तरीके से कार्य को अंजाम दिया गया था। इसमें टीओपी और अन्य बिलों के माध्यम से राशि की निकासी की जाती थी।

शुरुआती जांच में साल 2020 से अबतक 1.11 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध निकासी किए जाने की बात सामने आई है। सीआईडी ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले की सीआईडी जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story