मादक पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक : सीएस

WhatsApp Channel Join Now
मादक पदार्थों का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक : सीएस


रांची, 12 जून (हि.स.)। सिविल सर्जन (सीएस) प्रभात कुमार की अध्यक्षता में एनएमटीसी नर्सिंग स्कूल में शुक्रवार को छात्राओं के बीच मादक पदार्थों और तंबाकू उत्पादों के सेवन और बिक्री के विरुद्ध एक दिवसीय प्रशिक्षण सह पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ प्रभात कुमार ने कहा कि मादक पदार्थों और तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने बताया कि तंबाकू में मौजूद निकोटीन और अन्य विषैले रसायन मुंह, गले, फेफड़े और पेट के कैंसर के प्रमुख कारण हैं।

धूम्रपान से हृदय रोग, स्ट्रोक, अस्थमा, ब्रोंकाइटिस और सीओपीडी जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थ सीधे मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करते हैं, जिससे स्मरण शक्ति, एकाग्रता और मानसिक संतुलन पर प्रतिकूल असर पड़ता है। अत्यधिक सेवन से लीवर, किडनी और पाचन तंत्र से जुड़ी गंभीर बीमारियां होने की आशंका रहती है।

साथ ही तनाव, अवसाद और अन्य मानसिक विकारों का जोखिम भी बढ़ जाता है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नशा मुक्ति और तंबाकू निषेध विषय पर आकर्षक पेंटिंग्स बनाकर अपने विचार प्रस्तुत किए। सिविल सर्जन ने पेंटिंग्स का अवलोकन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली तीन प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या, शिक्षिकाएं, परामर्शी सुशांत कुमार और स्वास्थ्य विभाग के कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story