झारखंड में परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों में बदलाव किया जा सकता : सुप्रियो

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों में बदलाव किया जा सकता : सुप्रियो


रांची, 19 मई (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने परिसीमन और चुनावी प्रक्रिया को लेकर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि परिसीमन के जरिए झारखंड में विधानसभा और लोकसभा सीटों की संख्या बदले बिना निर्वाचन क्षेत्रों के ढांचे में बदलाव किया जा सकता है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

सुप्रियो भट्टाचार्य मंगलवार को झामुमो के प्रधान कार्यालय हरमू में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने बीएलओ और माइक्रो ऑब्जर्वरों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि झारखंड का राजनीतिक चरित्र अलग है। यहां लोकतांत्रिक अधिकारों से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुप्रियो भट्टाचार्य ने आशंका जताई कि झारखंड में भी इसी तरह वोटर डिलीशन का खेल शुरू हो सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा को जहां समर्थन नहीं मिलता, वहां वोटरों के नाम हटाने की कोशिश की जा सकती है।

सुप्रियो भट्टाचार्य ने पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाए हैं। महंगाई और गिरते रुपये के मुद्दे पर भी उन्होंने केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story