एचईसी नगर की मेंटेनेंस समाप्त करने की हो रही साजिश : लीलाधर

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी नगर की मेंटेनेंस समाप्त करने की हो रही साजिश : लीलाधर


रांची, 24 मार्च (हि.स.)। हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (इंटक) के महामंत्री सह राष्ट्रीय संगठन सचिव लीलाधर सिंह ने कहा है कि एक सुनियोजित साजिश के तहत एचईसी नगर की मेंटेनेंस, नगर सुरक्षा और पेयजल व्यवस्था को समाप्त करने की साजिश की जा रही है।

उन्होंने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि नगर प्रशासन में क्वार्टर सर्वे में लगे लगभग 20 कामगारों को अचानक प्लांट में घास काटने के काम में भेज दिया गया है। इसके अलावा मेंटेनेंस से जुड़े 22 कामगारों (जिनमें सात सफाईकर्मी, प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर और मिस्त्री शामिल हैं) को भी मौखिक आदेश पर प्लांट भेजा जा रहा है।

उन्होंने सवाल उठाया कि यदि प्लांट में किसी के साथ दुर्घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने कहा कि पूरे नगर की सुरक्षा, सफाई, मेंटेनेंस और विभिन्न सेक्टरों में पानी की आपूर्ति की व्यवस्था लगभग ठप कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि 70 वर्ष पुरानी जर्जर ड्रेनेज व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है। सफाईकर्मियों को भी प्लांट में भेजा जा रहा है। ऐसे में उत्पादन बढ़ाने की बात करना अव्यावहारिक है। यदि क्वार्टरों की मूलभूत सुविधाएं प्रभावित होंगी, तो तकनीकी कर्मचारी और इंजीनियर सुचारु रूप से काम नहीं कर पाएंगे।

उन्होंने कहा कि एलटीएल क्वार्टरों में 30 वर्ष भी पूरे नहीं हुए हैं, फिर भी अवैध निर्माण के नाम पर नोटिस देकर उन्हें खाली कराने की योजना बनाई जा रही है, जो प्रबंधन की ओर से अन्यायपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story