ओबीसी को आरक्षण की मांग पर सुदेश को जेल भेजने की साजिश : आजसू

WhatsApp Channel Join Now
ओबीसी को आरक्षण की मांग पर सुदेश को जेल भेजने की साजिश : आजसू


रांची, 24 अप्रैल (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने आरोप लगाया है कि हेमंत सरकार ने पांच वर्ष पूर्व ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर सड़क पर उतरे आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, प्रवक्ता देवशरण भगत और पूर्व विधायक शिवपूजन मेहता को जेल भेजने की साजिश कर रही है।

उन्होंने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कोर्ट में सभी नेताओं के खिलाफ आरोप गठित होना इसी दिशा में एक नया कदम है।

प्रभाकर ने कहा है कि नगर निकाय और पंचायत चुनाव में ओबीसी को आरक्षण दिलवाने के लिए आजसू पार्टी सड़क से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी, जिसके कारण झामुमो–कांग्रेस नाराज हैं। सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के सुप्रीम कोर्ट जाने पर नगर निकाय और पंचायत में ओबीसी आरक्षण देने पर राज्य सरकार विवश हुई है।

उन्होंने कहा कि झारखंड में ओबीसी आरक्षण सहित सर्वसमाज के अधिकार, सम्मान और सुरक्षित भविष्य के लिए आजसू पार्टी का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा। जनहित के मुद्दों पर आजसू के संघर्ष को राज्य सरकार लाठी-गोली के दम पर दबा नहीं सकती। राज्य सरकार ने 2021 में आजसू के जनांदोलन सामाजिक न्याय मार्च का नेतृत्व कर रहे सुदेश महतो, चंद्रप्रकाश चौधरी सहित हजारों कार्यकर्ताओं पर लाठी चलवाई और उल्टा झूठे मुकदमे में फंसाया। ताकि ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की आवाज को दबाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story