शहीदों की बलिदान भूमि का संरक्षण हमारी प्राथमिकता : मंत्री
रांची, 23 अप्रैल (हि.स.)। शहीद स्थल सह स्मारक, शहीद चौक पर विगत 16 अप्रैल 2026 से चल रहे 69 वें शहीद सप्ताह का समापन गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि ग्रामीण कार्य मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शहीद तेलेंगा खड़िया, वीर कुंवर सिंह, ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव और पांडे गणपत राय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मंत्री ने कहा कि शहीदों की बलिदान भूमि का संरक्षण और विकास प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने शहीद स्मारक के विकास में सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्हें शाल ओढ़ाकर और स्मारक समिति की पत्रिका भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समिति के सचिव डॉ राम प्रवेश ने बताया कि शहीद सप्ताह का आयोजन वर्ष 1957 से लगातार किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों ने की थी।
समारोह में ज्योति सिंह माथारू, बासुदेव भगत, बंदना राय, जेपी गुप्ता, विजय साहू, शंकर आजाद, रवि दत्त, चितरंजन झा, मनोज तिवारी, किशन अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

