झारखंड के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं : कमलेश

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं : कमलेश


रांची, 18 सितंबर (हि.स.)। चंदा चोरी और झारखंड के हितों को प्रभावित करने वाले एमएमडीआर संशोधन बिल के खिलाफ 26 सितंबर को आयोजित लोकभवन मार्च की तैयारियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक शुक्रवार को हुई।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में पार्टी के सभी विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए और मार्च को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्र की नीतियों से झारखंड के हितों पर लगातार चोट हो रही है। एमएडीआर संशोधन बिल के माध्यम से झारखंड के खनिज संसाधनों और उससे मिलने वाले राजस्व पर राज्य के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस इन दोनों मुद्दों पर चुप बैठने वाली नहीं है।

झारखंड की धरती का देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान

उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती का देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। यहां के खनिज संसाधनों से देश को राजस्व मिलता है, इसलिए राज्य के प्राकृतिक संसाधनों पर झारखंड के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से इसका पुरजोर विरोध करेगी।

बैठक में सभी विभागों एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों को 26 सितंबर के लोक भवन मार्च को लेकर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिला और प्रखंड स्तर तक कार्यकर्ताओं से संपर्क करने, जनसमर्थन जुटाने एवं अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर दिशा-निर्देश दिया गया।

बैठक में प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि 26 सितंबर का लोक भवन मार्च सिर्फ कांग्रेस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के अधिकारों और हितों की आवाज को बुलंद करने का लोकतांत्रिक अभियान है।

बैठक में राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, गजेंद्र सिंह, युथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमार गौरव, महिला कांग्रेस अध्य्क्ष रामा खलखो, सेवा दल अध्य्क्ष नवीन सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story