संगठन की मजबूती के लिए जमीनी सक्रियता और समावेशी नेतृत्व जरूरी : शिल्पी
रांची, 01 अक्टूबर (हि.स.)। प्रदेश युवा कांग्रेस की ओर से राजधानी के हटिया स्थित राज विला बैंक्वेट हॉल में आयोजित बुनियादी प्रशिक्षण शिविर में कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने संगठन की मजबूती, प्रदेश कांग्रेस के साथ बेहतर समन्वय, स्पष्ट कार्ययोजना, जवाबदेही और सामाजिक प्रतिनिधित्व जैसे विषयों पर अपने विचार साझा किए।
मंत्री ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस को प्रदेश कांग्रेस संगठन के साथ बेहतर तालमेल और समन्वय स्थापित करते हुए स्पष्ट कार्ययोजना, निर्धारित जिम्मेदारियों तथा जवाबदेही के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है। संगठन की वास्तविक ताकत तभी सामने आती है, जब प्रदेश से लेकर जिला, प्रखंड, पंचायत और बूथ स्तर तक प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी सक्रियता और प्रतिबद्धता के साथ निभाता है।
संगठन की योजनाओं की नियमित समीक्षा जरूरी
उन्होंने कहा कि संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभाव तभी दिखाई देगा, जब उनके क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा हो और निर्धारित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। इसके लिए पंचायत, प्रखंड और बूथ कमेटियों को मजबूत एवं सक्रिय बनाना एवं संगठनात्मक गतिविधियों की नियमित समीक्षा करना आवश्यक है।
मंत्री ने सामाजिक प्रतिनिधित्व के विषय को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि युवा कांग्रेस में आदिवासी, दलित और महिला नेतृत्व की भागीदारी को एवं व्यापक बनाने के लिए स्पष्ट व्यवस्था, समान अवसर तथा नेतृत्व के लिए आवश्यक मंच उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने से संगठन का आधार व्यापक होगा और वह आम लोगों के सवालों से अधिक मजबूती से जुड़ सकेगा।
मंत्री ने युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के संघर्ष, संविधान के प्रति प्रतिबद्धता और सामाजिक न्याय की विचारधारा से प्रेरणा लेकर जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के प्रभारी मनीष शर्मा, झारखंड युवा कांग्रेस के प्रभारी श्रवण राव, सह-प्रभारी प्रीति मांझी, झारखंड युवा कांग्रेस के अध्यक्ष कुमार गौरव सहित युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

