राजद नेताओं की टिप्पणियां राजनीतिक हताशा का परिणाम : नायक

WhatsApp Channel Join Now
राजद नेताओं की टिप्पणियां राजनीतिक हताशा का परिणाम : नायक


रांची, 20 जून (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं द्वारा झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू को लेकर की गई टिप्पणियों की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान राजनीतिक हताशा और निराशा का परिचायक हैं तथा गठबंधन की भावना के अनुरूप नहीं हैं।

विजय शंकर नायक ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि के. राजू भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अनुभवी, ईमानदार और जनपक्षधर अधिकारी रहे हैं। उन्होंने अपने प्रशासनिक कार्यकाल में ग्रामीण विकास, शिक्षा, पारदर्शिता और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। नायक ने दावा किया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), सूचना का अधिकार (आरटीआई), शिक्षा का अधिकार और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कानूनों के नीति-निर्माण की प्रक्रिया में भी के. राजू की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड में पार्टी संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और इंडिया गठबंधन को सशक्त बनाने के लिए के. राजू लगातार विभिन्न स्तरों पर संवाद और संगठनात्मक गतिविधियों में जुटे हुए हैं। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी राजनीतिक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो रहे हैं।

नायक ने आरोप लगाया कि राजद नेताओं को कांग्रेस नेतृत्व पर अनावश्यक टिप्पणी करने के बजाय अपने संगठन की स्थिति और जनता के बीच घटते जनाधार पर गंभीरता से आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गठबंधन में शामिल सभी दलों की जिम्मेदारी है कि वे एक-दूसरे के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करें और सार्वजनिक मंचों पर संयमित भाषा का प्रयोग करें।

विजय शंर नायक ने राजद नेतृत्व से अपील की कि वह अपने नेताओं को गठबंधन धर्म का पालन करने तथा अनर्गल और भ्रामक बयानबाजी से बचने की सलाह दें। उन्होंने कहा कि विपक्षी एकता को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए सहयोगी दलों के बीच आपसी विश्वास और सम्मान बनाए रखना आवश्यक है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने विश्वास जताया कि गठबंधन के सभी घटक दल जनता के हितों को सर्वोपरि रखते हुए आपसी संवाद और सहयोग की भावना के साथ आगे बढ़ेंगे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story