पेपर लीक पर कांग्रेस ने बोला हमला, प्रश्नपत्र लीक मामले को बताया धोखा

WhatsApp Channel Join Now
पेपर लीक पर कांग्रेस ने बोला हमला, प्रश्नपत्र लीक मामले को बताया धोखा


रांची, 19 जुलाई (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने पेपर लीक के मामलों को लेकर सवाल उठाये। उन्होंने रविवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पेपर लीक मामले को युवाओं के भविष्य पर बड़ा संकट बताते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 से अब तक देश की 152 महत्वपूर्ण परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, जिससे करीब 7.5 करोड़ छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।

प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं से निराश होकर दो दर्जन से अधिक छात्रों ने खुदकुशी की, लेकिन केंद्र सरकार ने पीड़ित परिवारों की कोई सुध नहीं ली। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक कठिन मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक उनकी मेहनत पर पानी फेर देता है। उनका आरोप था कि इतने बड़े मामलों के बावजूद दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई और सरकार जवाबदेही तय करने में विफल रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्रों की आवाज बनकर उनके संघर्ष को मजबूती दे रहे हैं। वहीं, छात्रों की गूंज अभियान के संयोजक कुमार राजा ने बताया कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान 28 शहरों में 40 दिनों तक चलेगा, जिसके तहत छात्र संवाद, मैराथन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और मशाल जुलूस आयोजित किए जाएंगे। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से अभिलाष साहू, लाल किशोर नाथ शाहदेव और राजन वर्मा मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story