टोल प्लाजा के विरोध में कांग्रेस ने निकाली बाईक रैली

WhatsApp Channel Join Now
टोल प्लाजा के विरोध में कांग्रेस ने निकाली बाईक रैली


दुमका, 29 मार्च (हि.स.)। जिले के हंसडीहा से गोड्डा जाने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुगाबथान के समीप स्थापित टोल प्लाजा के विरोध में अब आंदोलन ने जोर पकड़ लिया है। स्थानीय लोगों की बढ़ती नाराजगी के बीच झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस के महासचिव आर्कादित्य यादव के नेतृत्व में रविवार को हंसडीहा से एक व्यापक बाईक विरोध मार्च निकाला गया।

इस मार्च में सैकड़ों की संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर टोल टैक्स के खिलाफ अपना विरोध जताया। कार्यक्रम की शुरुआत हंसडीहा स्थित गोड्डा रोड से हुई। जहां पहले एक संक्षिप्त सभा आयोजित की गई। इसके बाद कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने हरी झंडी दिखाकर बाइक रैली को रवाना किया।

रैली में शामिल कार्यकर्ता हाथों में झंडे और बैनर लिए हुए थे। टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। बाईक रैली हंसडीहा से निकलकर पोड़ैयाहाट होते हुए गोड्डा पहुंची। रास्ते में कई जगहों पर स्थानीय लोगों ने रैली का समर्थन करते हुए आंदोलनकारियों का उत्साह बढ़ाया। गोड्डा के गांधी मैदान पहुंचते-पहुंचते यह रैली एक बड़ी सभा में तब्दील हो गई। जहां नेताओं ने मंच से अपनी बात रखी। सभा को संबोधित करते हुए यूथ कांग्रेस के महासचिव आर्कादित्य यादव ने कहा कि संथाल परगना का यह इलाका आर्थिक रूप से काफी पिछड़ा है।

जहां के अधिकांश लोग रोजमर्रा के काम, खेती-बाड़ी और छोटे व्यवसाय के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में हर दिन टोल टैक्स देना आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालता है। उन्होंने कहा कि यह टोल प्लाजा स्थानीय जरूरतों और आर्थिक स्थिति को नजरअंदाज करते हुए लगाया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह निर्णय पूरी तरह जनविरोधी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक संथाल परगना प्रमंडल के सभी टोल प्लाजा नहीं हटाए जाते, तब तक यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा और इसे और व्यापक बनाया जाएगा। सभा को संबोधित करते हुए प्रदीप यादव ने कहा कि सुगाबथान जैसे गरीब क्षेत्र में टोल टैक्स लगाना आम जनता के साथ अन्याय है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले भी इस मुद्दे को लेकर आवाज उठाती रही है और आगे भी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। इस मौके पर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष महेश राम चंद्रवंशी, गोड्डा जिला यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शशि कुमार, रामदिवस जायसवाल, अशोक यादव, दीपक यादव, अरुण जायसवाल, सूरज साह, गुंजन यादव, अख्तर हुसैन, विकास यादव, विनोद यादव सहित स्थानीय लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

Share this story