खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस ने दिया धरना

WhatsApp Channel Join Now
खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस ने दिया धरना


खान एवं खनिज संशोधन विधेयक के खिलाफ कांग्रेस ने दिया धरना


रामगढ़, 27 अगस्त (हि.स.)। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक-2026 के विरोध में जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में गुरुवार को सुभाष चौक पर धरना-प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार के इस संशोधन को झारखंड के आर्थिक एवं राजस्व अधिकारों के लिए गंभीर खतरा बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की। धरना का संचालन संजय साव ने किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संशोधन कानून वापस लेने की मांग की।

धरना को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि झारखंड देश के प्रमुख खनिज संपदा वाले राज्यों में शामिल है। कोयला, लौह अयस्क, बॉक्साइट सहित विभिन्न खनिज संसाधन राज्य की अर्थव्यवस्था और विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। ऐसे में खनिज संसाधनों से मिलने वाले राजस्व पर राज्य के अधिकार को कमजोर करने वाला कोई भी निर्णय स्वीकार नहीं किया जाएगा।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि संशोधन के कारण खनिजों पर लगने वाले सेस सहित अन्य करों से राज्य को मिलने वाले राजस्व पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इससे राज्य को हजारों करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजस्व के प्रमुख स्रोत कमजोर होने से विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर सीधा असर पड़ेगा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि झारखंड प्रभारी के राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के आह्वान पर पूरे राज्य में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि यह लड़ाई केवल राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि झारखंड के अधिकार, राज्य के राजस्व और जनता के भविष्य की लड़ाई है।

धरना की अध्यक्षता रामगढ़ जिला कांग्रेस कमिटी की जिलाध्यक्ष सह विधायक ममता देवी ने की। उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अपने अधिकारों के प्रति जागरूक है और राज्य के हितों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और पंचायत-पंचायत तक इस मुद्दे को पहुंचाने का आह्वान किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि झारखंड के जल, जंगल, जमीन और खनिज संसाधनों से जुड़े अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी। केंद्र सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप देने की चेतावनी भी दी गई।

धरना में प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजाद अनवर, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, महेश सिंह, जिला प्रभारी शिव कुमार भगत, विधानसभा प्रभारी राजीव रंजन राजू, बालजीत सिंह बेदी, सीपी संतन, नगर परिषद अध्यक्ष कुसुमलता मुंडा, उपाध्यक्ष रणधीर गुप्ता, तारिक अनवर, दिनेश मुंडा, सुधीर मंगलेश सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story