एआई समिट में कांग्रेस की ओर से शर्ट उतारकर प्रदर्शन करना शर्मनाक : सुदेश

WhatsApp Channel Join Now
एआई समिट में कांग्रेस की ओर से शर्ट उतारकर प्रदर्शन करना शर्मनाक : सुदेश


रांची, 21 फ़रवरी (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का यह कृत्य शर्मनाक और और अस्वीकार्य है। कांग्रेस ने यह साबित कर दिया है कि उसे देश की गरिमा की कोई फिक्र नहीं। राहुल गांधी भी लगातार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की गरिमा और छवि को क्षति पहुंचाते रहते हैं।

सुदेश ने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट में संयुक्त राष्ट्र के महासचिव सहित कई देशों के राष्ट्रध्यक्ष, वैश्विक नेता, टेक्नोलॉजी लीडर, नीति-निर्माता, नवोन्मेषक और विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं और एआई के भविष्य और दिशा पर ऐतिहासिक चर्चा हो रही है। इस समिट के सफल आयोजन और नेतृत्व के लिए अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की सराहना की जा रही है।

कांग्रेस को यह बर्दाश्त नहीं हो रहा है कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार की पहल को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिले। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन का राजनीतिक विद्वेष और कुंठा के शमन के लिए इस्तेमाल करना अशोभनीय और शर्मनाक है।

सुदेश ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि और गरिमा के संबंध में दलीय सीमा से ऊपर उठकर एकजुटता दिखाने की परम्परा रही है। लेकिन राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की ओर से अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश की गरिमा को नुकसान पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जाता रहा है। इसे देश की प्रतिष्ठा और भविष्य के लिए सही नहीं माना जा सकता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story