संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस ने निकाला संविधान रक्षा मार्च
रांची, 26 नवंबर (हि.स.)। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में राजधानी रांची में संविधान रक्षा मार्च निकाली।
मार्च में राज्य के सभी जिलों से आए हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नेताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
संविधान, लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प के साथ निकला यह मार्च डोरंडा स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ शुरू हुआ।
इस अवसर पर कांग्रेस के प्रभारी के. राजू एआईसीसी सचिव, सहप्रभारी भूपेन्द्र मरावी, अवनिश काजला, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका पांडे सिंह सहित अन्यक शामिल हुए।
मार्च पुराना उच्च न्यायालय चौक होते हुए बिरसा चौक पहुंचा, जहां मार्च जनसभा में तब्दील हो गया।
सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि भारत का संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की आत्मा है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, न्याय, स्वतंत्रता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है। संविधान में निहित मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी संविधान की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रही है और आगे भी लोकतंत्र, नागरिक अधिकारों तथा संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती के लिए जनता के साथ खड़ी रहेगी। संविधान रक्षा मार्च के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि संविधान के मूल सिद्धांतों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की ओर से निर्मित संविधान ने देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय का भरोसा दिया है। संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है और इसकी रक्षा करना कांग्रेस पार्टी का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि जब संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों को लेकर देश में गंभीर सवाल उठ रहे हैं, तब कांग्रेस का दायित्व है कि वह जनता के बीच जाकर संविधान की रक्षा की आवाज बुलंद करे।
मार्च में पार्टी आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता, धीरज प्रसाद साहु, डॉ इरफान अंसारी, सांसद कालीचरण मुंडा, विधायक निशात आलम, प्रदीप बलमुचू, अम्बा प्रसाद, बन्धु तिर्की, शहजादा अनवर, सुबोधकांत सहाय सहित सैकडों कांग्रेजन शामिल थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

