राजीव गांधी पंचायती राज संगठन की बैठक में सर्वाेदय संकल्प शिविर के आयोजन पर चर्चा
रांची, 28 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस भवन, रांची में बुधवार को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, झारखंड की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में संगठन को सशक्त बनाने, जिला, प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों एवं आगामी एक नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित ‘वोट बचाओ’ अभियान एवं रैली में संगठन की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी एवं राजीव गांधी गांधी पंचायती राज संगठन की झारखंड प्रभारी अशिका कुजूर उपस्थित थीं।। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, पंचायतों तक जनसंपर्क बढ़ाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संगठन को पंचायत स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंचायत स्तर पर संगठन की मजबूती लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए आवश्यक है। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर सक्रिय होकर कार्य करने तथा आम जनता की समस्याओं को समझते हुए उनके समाधान के लिए पहल करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से संगठनात्मक तैयारियों को व्यवस्थित करना आवश्यक है। इसके लिए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय, नियमित जनसंपर्क और पंचायत स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने ‘सर्वाेदय संकल्प’ शिविरों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठित करने तथा संगठन के विचारों और कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने पर भी बल दिया।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ताओं और आम जनता से जुड़े रहने में निहित है। उन्होंने सभी जिला संयोजकों एवं पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और पंचायत स्तर पर संगठन की भूमिका को प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
प्रदेश संयोजक शांतनु मिश्रा ने ‘सर्वाेदय संकल्प’ शिविरों के आयोजन को संगठनात्मक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन शिविरों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं को समझने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों में सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि झारखंड के सभी जिलों में ‘सर्वाेदय संकल्प’ शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए जिला संयोजकों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए शिविरों के आयोजन की प्रक्रिया शुरू करने तथा संगठन की गतिविधियों को पंचायत स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
वहीं दिल्ली के ‘वोट बचाओ’ अभियान एवं रैली में भागीदारी पर भी चर्चा हुई। इस दौरान झारखंड से संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अभियान से संबंधित कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने के संबंध में विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश संयोजक शांतनु मिश्रा, प्रदेश कन्वेनर सुभाष नाग, जिला संयोजक रितेश तामसोय, फनेश्वर नाथ नीलेश, विनय कुमार, रांची महानगर जिला संयोजक अंजनी रंजन, चतरा जिला संयोजक योगेंद्र यादव सहित अन्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

