छात्रों की जायज मांगों के समाधान का प्रयास जारी, जल्द निकलेगा रास्ता : के. राजू
रांची, 17 अगस्त (हि.स.)। झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी के. राजू ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के मुद्दे को लेकर गंभीर है और उनकी जायज मांगों के समाधान का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही छात्रों की सभी जायज मांगों का समाधान कर दिया जाएगा। के. राजू सोमवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
के. राजू ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरे देश में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से छात्रों की आवाज को मजबूती से उठाया गया। उन्होंने कहा कि इसके परिणामस्वरूप शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत पर चर्चा तेज हुई है।
कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि राहुल गांधी का स्पष्ट संदेश है कि शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार किया जाए और ऐसी प्रभावी व्यवस्था विकसित हो, जिससे पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने नीट परीक्षार्थियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए छात्रों की जायज मांगों को लेकर सदन से लेकर सड़क तक आवाज उठाने की बात कही।
के. राजू ने कहा कि उन्होंने झारखंड में आंदोलनरत छात्रों को भी अपना समर्थन दिया है। सरकार को छात्रों की जायज मांगों का जल्द समाधान करना चाहिए। छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर छात्रों की समस्याओं के समाधान का मुद्दा उठाया गया है। सोमवार को भी समिति ने छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता की है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही छात्रों की सभी जायज मांगों पर सकारात्मक समाधान निकलेगा।
खान एवं खनिज विधेयक पर केंद्र को घेरा
के. राजू ने खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक, 2026 को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतने महत्वपूर्ण विधेयक को संसद में पारित करने से पहले राज्य सरकारों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया जाना चाहिए था, विशेषकर उन राज्यों के साथ जिनकी अर्थव्यवस्था खनिज संसाधनों और सेस से मिलने वाले राजस्व पर काफी हद तक निर्भर है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की केंद्र सरकार जानबूझकर ऐसे निर्णय ले रही है, जिनसे झारखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने विशेष रूप से ‘मंईयां सम्मान योजना’ के माध्यम से महिलाओं को मिल रहे लाभ को प्रभावित करने का प्रयास किए जाने का आरोप लगाया।
केंद्र के रवैये के खिलाफ रणनीति तय करेगी कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि मंगलवार को पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी (पीएसी) की बैठक बुलाई गई है। इसमें समसामयिक राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार लगातार झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को बाधित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य के अधिकार और हितों की रक्षा के लिए मजबूती से संघर्ष करेगी।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि खान एवं खनिज (संशोधन) विधेयक, 2026 संघीय ढांचे पर प्रहार है। राज्यों से पर्याप्त विचार-विमर्श और सहमति के बिना इस तरह का कानून लाना संघीय व्यवस्था की भावना के विपरीत है।
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि आंदोलनरत छात्रों के प्रतिनिधियों से वार्ता हुई है और उन्हें उम्मीद है कि छात्रों के हित में सार्थक एवं सकारात्मक फैसला लिया जाएगा। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने विधेयक को झारखंड के आदिवासी-मूलवासी हितों के विरुद्ध बताया।
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि कांग्रेस छात्रों की सभी जायज मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने स्पष्ट रूप से छात्रों की जायज मांगों को स्वीकार कर उनकी समस्याओं के समाधान की बात कही है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

