राहुल गांधी के जन्मदिन पर चेशायर होम के बच्चों के साथ कांग्रेसजनों ने काटा केक

WhatsApp Channel Join Now
राहुल गांधी के जन्मदिन पर चेशायर होम के बच्चों के साथ कांग्रेसजनों ने काटा केक


रांची, 19 जून (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 56 वां जन्मदिन शुक्रवार को रांची के बरियातू रोड स्थित चेशायर होम में सादगी और सेवा भाव के साथ मनाया गया।

इस अवसर पर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिव्यांग बच्चों के साथ खुशियां साझा कीं।

कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी के जन्मदिन पर केक काटा गया और चेशायर होम के बच्चों के बीच फल, मिठाई सहित अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया। कांग्रेस नेताओं ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी का संपूर्ण राजनीतिक और सामाजिक जीवन न्याय, समानता, प्रेम और सेवा के मूल्यों को समर्पित रहा है। वे हमेशा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज़ बनने का कार्य करते हैं। इसी भावना के अनुरूप उनके जन्मदिन को किसी भव्य आयोजन के बजाय सेवा कार्य के माध्यम से मनाने का निर्णय लिया गया, ताकि जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाई जा सके।

कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के सतीश पौल मुंजनी, डॉ राजेश गुप्ता, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ एम तौशिफ, केदार पासवान, राजेश सिन्हा सन्नी और आलोक दुबे सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। सभी ने राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घायु और सफल जीवन की कामना करते हुए उनके नफ़रत के बाज़ार में मोहब्बत की दुकान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story