पत्थरबाजी मामले में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी

WhatsApp Channel Join Now
पत्थरबाजी मामले में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज कराई प्राथमिकी


रांची, 23 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यालय के बाहर कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी, अंडे, टमाटर और बोतल फेंके जाने के मामले में गुरुवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अरगोड़ा थाना पहुंचकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनियोजित तरीके से हमला किया, जिससे कई कांग्रेस कार्यकर्ता, पत्रकार और पुलिसकर्मी घायल हो गए।

कांग्रेस की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में भाजपा के 15 नेताओं को नामजद किया गया है, जबकि करीब 100 अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं को भी आरोपित बनाया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रदर्शन के दौरान अंडे, पानी से भरी बोतलें, शीशे की बोतलें, पत्थर और डंडों का इस्तेमाल कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। कांग्रेस का दावा है कि इस हिंसक घटना में कई लोग घायल हुए, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावा मौके पर मौजूद पत्रकार और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

प्राथमिकी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर मौजूद बताए गए भाजपा नेता प्रतुुल शाहदेव, अशोक बड़ाईक, योगेंद्र प्रताप सिंह, शशांक राज, रवि मुंडा, वरुण साहू, संजय महतो, वार्ड-41 की पार्षद नीलम चौधरी, सत्यनारायण सिंह, भाजपा कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह, संजय जायसवाल सहित अन्य नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि इन नेताओं की मौजूदगी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों पर हमला किया और पूरे घटनाक्रम को अंजाम दिया।

अरगोड़ा थाना के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए रांची युवा महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रही थी। उनका आरोप है कि भाजपा ने इस आंदोलन को बदनाम करने और उसका स्वरूप बदलने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि भाजपा कार्यकर्ता पहले से ही हाथों में पत्थर लेकर मौजूद थे और जैसे ही प्रदर्शन आगे बढ़ा, उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला शुरू कर दिया। कुमार राजा ने कहा कि घटना के दौरान कई भाजपा नेता अपने मोबाइल फोन से लाइव प्रसारण करते हुए भी दिखाई दिए और उसी दौरान पत्थरबाजी की घटनाएं हुईं।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया और मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हुए हैं। पार्टी ने इन्हीं वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में पुलिस को उपलब्ध कराया है। कांग्रेस का दावा है कि वीडियो फुटेज से स्पष्ट हो जाएगा कि किसने पत्थरबाजी की और किसकी भूमिका क्या थी। पार्टी ने पुलिस से मांग की है कि वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेता बंधु तिर्की ने कहा कि इस घटना में केवल कांग्रेस कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि कई पत्रकार और पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं की मौजूदगी में हिंसा हुई और जिन लोगों की भूमिका सामने आई है, उनके खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और जांच एजेंसियों को बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।

थाना प्रभारी सतीश गोराई ने बताया कि मामले को लेकर शिकायत दर्ज कारायी गई है। पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story