सीईसी ने पद से नहीं दिया इस्तीफा तो कांग्रेस आंदोलन को और करेगी तेज : कुमार राजा
रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव कुमार राजा ने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यशैली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इसलिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। कुमार राजा मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो पार्टी और तेज आंदोलन करेगी।
वहीं मौके पर पार्टी के रांची ग्रामीण प्रभारी रियाज अहमद और रांची ग्रामीण के जिला अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए यह आंदोलन सड़क से लेकर संसद तक जारी रहेगा।
मौके पर बताया गया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर दो से आठ अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसके तहत जिला स्तर पर ‘वोट बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा। मार्च दोपहर 12 बजे उपायुक्त कार्यालय पहुंचेगा, जहां प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपा जाएगा।
10 से 20 अक्टूबर तक प्रखंड स्तर पर विरोध प्रदर्शन
मौके पर कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, आंदोलन को आगे प्रखंड और पंचायत स्तर तक ले जाने की तैयारी है। इसे लेकर 10 से 20 अक्टूबर तक प्रखंड स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद पंचायत स्तर पर भी अभियान चलाया जाएगा।
नेताओं ने हाल में चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर हुए प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अलग-अलग राज्यों में एक ही नाम और चेहरे से फर्जी मतदाता पहचान पत्र बनाए जाने और छोटे पते पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम दर्ज होने जैसे मामले सामने आए हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाताओं के अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रहेगा।
नेताओं ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए दावा किया कि चुनाव आयोग के भीतर भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कार्यशैली को लेकर आपत्तियां दर्ज कराई गई थीं। उन्होंने चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज की निंदा करते हुए कहा कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक विरोध को दबाने के बजाय उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

