जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहा भाजयुमो : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहा भाजयुमो : कांग्रेस


रांची, 08 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश अध्यक्ष शशांक राज के बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कांग्रेस के प्रदेश सचिव सह प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह ने शनिवार को जारी बयान में आरोप लगाया कि छात्रों के मंच से दलगत राजनीति की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद भाजयुमो आंदोलन को राजनीतिक रंग देने और उसे भटकाने का प्रयास कर रहा है।

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि छात्रों ने स्पष्ट किया है कि उनका मंच किसी राजनीतिक दल का मंच नहीं है। इसके बावजूद भाजयुमो जाति, धर्म और अन्य विवादित मुद्दों के जरिए आंदोलन को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों का आंदोलन रोजगार, पारदर्शिता और उनके भविष्य से जुड़े सवालों को लेकर है, न कि किसी राजनीतिक दल के चुनावी एजेंडे के लिए।

कांग्रेस नेता ने भाजयुमो के सरकार पर छात्रों में फूट डालने के आरोप को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने छात्रों से बातचीत के लिए समिति गठित की है। स्टेट गेस्ट हाउस में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के प्रतिनिधियों के साथ मंत्रियों की बैठक हुई, जिसमें छात्रों की मांगों को सुना गया और उनका मांग-पत्र लिया गया।

ऋषीकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने, संदिग्ध परीक्षाओं की निष्पक्ष सीआईडी-एसआईटी जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा जेपीएससी-जेएसएससी की परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग की है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को अपने शासनकाल में हुई भर्ती परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के आंदोलन को दलगत राजनीति में उलझाने के किसी भी प्रयास का विरोध करेगी। कांग्रेस रोजगार, पारदर्शिता और न्याय की मांग को लेकर चल रहे छात्रों के आंदोलन के साथ खड़ी है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story